विश्वभर की संस्कृतियों के ग्लोबल विलेज उत्सव का आयोजन शनिवार और रविवार को एआईईएसईसी आईआईटी दिल्ली की ओर से वर्ल्डमार्क दो व तीन एरोसिटी में किया जाएगा। इसमें सांस्कृतिक विविधता देखने को मिलेगी। यह सामाजिक स्थिरता, वैश्विक जागरूकता और सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देती है।
दो दिवसीय उत्सव में विभिन्न समूहों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसमें पारंपरिक संगीत, नृत्य और कला का प्रदर्शन शामिल है। कार्यक्रम में अमर उजाला नॉलेज पार्टनर है। इस दौरान लाइव संगीत और नृत्य प्रदर्शन से लेकर दुनिया भर के स्वादिष्ट व्यंजन पेश करने वाले खाद्य स्टॉल शामिल होंगे।
120 से अधिक देशों में सक्रिय सदस्यता और 35 हजार से अधिक व्यक्तियों के नेटवर्क के साथ एआईईएसईसी समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालने के लिए युवा लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित है। ग्लोबल विलेज इसके प्रमुख कार्यक्रमों में से एक है।
एआईईएसईसी के अध्यक्ष शुभम गांगुली ने कहा कि ग्लोबल विलेज सिर्फ एक सांस्कृतिक महोत्सव नहीं है, बल्कि यह विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों के बीच पारस्परिक सम्मान और समझ को बढ़ावा देने वाला एक मंच है।