राजधानी दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में एक युवक ने शादी का दबाव बनाने पर अपनी प्रेमिका को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को अस्पताल में भर्ती कराकर वहां से फरार हो गया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद वहां पहुंची कापसहेड़ा थाना पुलिस ने परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद आरोपी धीरज यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस ने पिस्टल, दो कारतूस और कार बरामद कर ली है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता अपने परिवार के साथ कापसहेड़ा इलाके में रहती है। 14 मई की रात अस्पताल से पुलिस को एक युवती को गोली मारने की जानकारी मिली। वहां पहुंचने पर पता चला कि युवती बयान देने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों ने बताया कि एक युवक उसे अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गया है। पुलिस युवती की पहचान कर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।
अस्पताल पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी कापसहेड़ा निवासी धीरज यादव से प्यार करती थी। 14 मई वह उससे मिलने के लिए गई थी। वह रात में 9.15 बजे उसे अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गया। कापसहेड़ा थाना पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया।
तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। धीरज ने बताया कि युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। वह शादी करने से मना कर चुका था। 14 मई को युवती ने उससे झगड़ा करने लगी और शादी नहीं करने पर सबक सिखाने की धमकी देने लगी। कहासुनी होने पर उसने पीड़िता को गोली मार दी।