दक्षिण-पूर्वी जिले के कालकाजी थाना इलाके के डीडीए फ्लैट्स में मल्टी नेशनल कंपनी में उच्च पद पर काम कर रही युवती चांदनी(35) पुत्री शोभा लांबा ने बृहस्पतिवार रात को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। युवती की मेटीमोनियल साइट पर बड़ौत, यूपी के एक युवक डाॅ. अभिनव तोमर से दोस्ती हुई थी। दोनों की पिछले दो वर्ष से दोस्ती थी। आरोपी ने युवती को शादी का झांसा दिया था और बाद में वादे से मुकर गया।
दक्षिण-पूर्र्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चांदनी ब्लाक एल-1, डीडीए फ्लैट्स में रहती थी। उसने शुक्रवार सुबह काफी देर तक गेट नहीं खोला तो मां शोभा लांबा को संदेह हुआ। कमरा अंदर से दरवाजा बंद था। उन्होंने दूसरी चाबी से कमरे का गेट खोला तो चांदनी चुन्नी की जरिए फंदे से लटकी मिली। उन्होंने इलाके में आम आदमी पार्टी के नेता व सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र राठौर को इसकी सूचना दी। चांदनी को तुंरत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शोभा लांबा ने बताया कि डाॅ. अभिनव तोमर दो बार उनके घर आया है और हर बार शादी करने की बात कही थी। परिजनों ने बताया कि चांदनी के मोबाइल से एक पोस्ट मिली है जो उसने स्टेट्स पर भी लगाई थी। उसने इसमें लिखा है कि उसकी मौत के लिए अभिनव जिम्मेदार होगा। कालकाजी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।