अति सुरक्षित कहे जाने वीवीआईपी इलाके में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं है। संसद भवन से महज कुछ दूरी पर गोलडाक खाने के बाद अशोक रोड पर दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा के साथ बीच सड़क पर छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
खास बात ये है कि दिल्ली पुलिस मुख्यालय भी वारदात वाली जगह से कुछ ही मीटर की दूरी पर है। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया। उसकी करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जांच में पता लगा है कि आरोपी ने अन्य जगहों पर इस तरह की वारदात कर चुका है।
वारदात के बाद नई दिल्ली जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नई दिल्ली जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीडि़त छात्रा नई दिल्ली में स्थित एक वर्किंग वूमन हॉस्टल में रहती है।
वह सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे वह गोल डाक खाने के पास स्थित चर्च जा रही थी। जब वह बांग्ला साहिब गुरुद्वारे से आगे पहुंची तो आगे से एक युवक आया और उससे छेड़छाड़ शुरु कर दी। छात्रा ने शोर मचाया तो आरोपी भाग गया।