बदालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि उसके 16 वर्षीय छोटे भाई की एक किशोरी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। इसकी भनक किसी तरह उसके परिजन को लग गई। आरोप है कि परिजन ने किशोरी से कॉल कराकर उनके नाबालिग भाई को अपने घर बुला लिया। आरोपियों ने नाबालिग किशोर को लाठी-डंडों से बेरहीमी से पीटकर जानलेवा हमला किया है।
इससे नाबालिग के हाथ-पैर और दांत टूट गए और हालत गंभीर बनी हुई है। घायल नाबालिग के परिजन ने बताया कि उनके पास किशोरी की कई चैटिंग मौजूद हैं। भाई को भी किशोरी के फोन से कॉल कर घर बुलाया गया है। ईकोटेक-3 थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में मारपीट, जान से मारने की धमकी आदि धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धारा तरमीम की जाएंगी।