दिनदहाड़े बदमाशों से घिरी आर्किटेक्ट छात्रा, वो करते रहे मनमानी और देखते रहे लोग
Tue, 16 May 2017 02:53 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नोएडा
सार
छात्रा पर ताना तमंचा, हेलमेट से किया हमला
लूटपाट के दौरान बदमाशों से दो मिनट तक ट्विंकल ने किया मुकाबला
हमले में नीचे गिरने के बाद छात्रा का बैग लेकर बदमाश फरार
सेक्टर-39 डिग्री कॉलेज के गेट नंबर-5 के पास सोमवार दोपहर बस से उतरकर घर जा रही आर्किटेक्ट छात्रा को बाइक सवार दो बदमाशों ने रोक लिया। छात्रा इससे पहले कुछ समझ पाती, बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया।
विज्ञापन
छात्रा हिम्मत नहीं हारी और बदमाशों से जूझ पड़ी। विरोध करने पर बदमाशों ने छात्रा पर हेलमेट से हमला करना शुरू कर दिया। हमले से छात्रा जमीन पर गिर गई और उसके हाथ से बैग छूट गया।
बैग लूटकर बदमाश मौके से फरार हो गए। बैग में एप्पल का आईपेड, दो डेबिट कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड और अन्य जरूरी सामान था। छात्रा ने सेक्टर-39 थाने में बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, धर्मपाल अरोड़ा परिवार के साथ ई-84 सेक्टर-39 में रहते हैं। उनकी बेटी ट्विंकल अरोड़ा (23) ग्रेटर नोएडा स्थित एपीजे कॉलेज से आर्किटेक्ट में सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही है।
Trending Videos
- फोटो : अमर उजाला
टिवंकल ने बताया कि वह सोमवार दोपहर कॉलेज से घर के लिए बस में सवार हुई। बस 2 बजे सेक्टर-39 डिग्री कॉलेज के गेट नंबर-5 के पास पहुंची तो वह उतर कर घर की तरफ जाने लगी। तभी हेलमेट पहने हुए एक बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
इसके बाद उस पर तमंचा तान दिया। इससे पहले वह कुछ समझ पाती, बदमाश उनका बैग छीनने लगे। छीना झपटी में वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद बदमाश भी बाइक से उतर गए।
ट्विंकल ने हिम्मत नहीं हारी और बदमाशों का मुकाबला करने लगी। जब वह बदमाशों पर भारी पड़ने लगी तो उस पर हेलमेट से वार कर दिया गया। बदमाशों ने कई बार सिर पर हेलमेट से वार किया।
छात्रा ने बताया कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की। इसी बीच उसके हाथ से बैग छूट गया। बदमाश तेजी से बैग लेकर बाइक पर सवार होकर शशि चौक की तरफ फरार हो गए। छात्रा ने बताया कि वह बदमाशों का करीब 10 मिनट तक सामना करती रही।
उसने वहां से गुजर रहे लोगों से मदद करने की गुहार लगाई लेकिन कोई भी उसकी मदद करने को आगे नहीं आया। उधर, घटनास्थल पर मौजूद रहे लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि घटना के समय बदमाशों के हाथ में तमंचा था।
वह बार-बार गोली मारने की धमकी दे रहा था। वे लोग छात्रा की मदद करना चाह रहे थे लेकिन तमंचा देखकर हिम्मत नहीं जुटा पाए।