माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। विजय नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों द्वारा कार सवार युवक के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि वह इलेक्ट्रॉनिक चैनल में काम करता है। हिंडन बैराज के पास बदमाशों ने उसे घेर लिया और काफी दूर तक पीछा किया। उसके बाद बदमाश हत्या की धमकी देते हुए फरार हो गए पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।......... सेक्टर- 9 न्यू विजय नगर निवासी मयंक गौड़ के मुताबिक वह एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल में कार्यरत हैं। 31 मार्च को रात करीब 10 बजे वह अपने आवास से कार द्वारा काशीराम योजना कॉलोनी से होते हुए वसुंधरा जा रहे थे। इसी दौरान हिंडन बैराज के निकट बाइक सवार कई बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गाड़ी से बाहर खींचकर अगवा करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वह कार लेकर वहां से भागे तो बदमाशों ने इंदिरापुरम तक उनका पीछा किया और बाद में फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की तहकीकात की। एसएचओ नागेंद्र चौबे ने बताया कि इस संबंध में दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है।