गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के संजयनगर निवासी युवक से साइबर ठगों ने चार लाख 16 हजार 550 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। संजयनगर निवासी रजनीश शर्मा ने बताया कि अज्ञात ठगों ने जालसाजी कर उनके बैंक खाते से चार लाख 16 हजार 550 रुपये ऑनलाइन निकाल लिए। घटना के बाद उन्होंने साइबर ठगी हेल्पलाइन पर भी शिकायत की थी। समाधान न होने पर स्थानीय पुलिस को लिखित तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई और धनराशि वापस दिलाने की गुहार लगाई। डीसीपी नगर धवल जायसवाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मधुबन बापूधाम थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनके विवरण और ट्रांजेक्शन ट्रेल की जांच की जा रही है। आरोपियों को ट्रेस कर कार्रवाई की जाएगी।