गाजियाबाद के साहिबाबाद में शालीमार गार्डन एक्सटेंशन की डांस एकेडमी के सामने कार के अंदर शराब पीने से मना करने पर कुछ युवकों ने संचालक पर हमला कर दिया। रविवार को घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आरोपियों ने बुरी तरह पीछा जिससे, उनके हाथ में फ्रैक्चर आ गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है।
सुरजीत कुमार विक्रम एंक्लेव में रहते हैं। शालीगार गार्डन एक्सटेंशन-1 में एंजल नाम से उनकी डांस एकेडमी है। आरोप है कि शनिवार सुबह कुछ युवक गाड़ियों में बैठकर शराब पी रहे थे। उन्होंने युवकों को शराब पीने से मना किया तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उन पर एक साथ हमला कर दिया। इस बीच बाइक से भी एक युवक आया और उसने भी हमला करना शुरू कर दिया।
संचालक के भाई ने बचाव किया तो आरोपियों ने उसे भी पीटना शुरू कर दिया। घायल का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई नहीं की थी। अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा का कहना है कि वीडियो से आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रहे हैं।
पड़ोसी हैं सभी आरोपी, पहले से था विवाद
डांस टीचर सुरजीत का आरोप है कि सभी आरोपी पड़ोसी हैं। वो पहले भी लड़ाई-झगड़ा करने के लिए मौका तलाशते रहते हैं। कई बार उन्हें आते-जाते रोकते थे। इतना ही नहीं, अपनी गाड़ियां भी एकेडमी के सामने या फिर तिरछी खड़ी करते थे, जिससे डांस क्लास में आने वाले बच्चों को दिक्कत होती थी। घटना के बाद उन्हें छोटा भाई निजी अस्पताल लेकर गया। वहां डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि हाथ में चोट लगी है। इसके बाद प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया।