लोनी। दिवाली से पहले पटाखे बनाने और बेचने की तैयारी में जुटे एक युवक को लोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सुतली बम और आतिशबाजी के पटाखे बनाने की सामग्री बरामद की है। मामले में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि सात अक्तूबर को मुखबिर की सूचना पर टीम ने लोनी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मोहम्मद कासिफ (25) निवासी अपरकोट लोनी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 72 सुतली बम, 750 ग्राम गंधक, 250 ग्राम पोटाश और आतिशबाजी के पटाखे बनाने की अन्य सामग्री बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने मामा के साथ दिवाली के लिए पटाखे तैयार कर रहा है। इसके लिए पटाखे बनाने की सामग्री लाकर रखी गई थी। मामले में मुन्तियाज (55) और नसीम (47) निवासी अपरकोट लोनी के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने बताया कि जांच कर जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।