गाजियाबाद/डासना। वेव सिटी क्षेत्र में एनएच नौ पर सुंदरदीप कॉलेज के सामने शनिवार दोपहर एक युवक सड़क पार करते हुए डिवाइडर से कूद गया। इसी दौरान हापुड़ की ओर आ रही कार से टकरा गया। मौके पर एक युवक घायल का परिचित बताकर इलाज के नाम पर कार सवार से तीन हजार रुपये ले लिए और भाग गया। युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
बुलंदशहर के बीबीनगर निवासी राहुल गर्ग पत्नी को दवाई दिलाने गाजियाबाद जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक एनएच नौ के डिवाइडर पर चढ़कर बिना देखे सुंदरदीप कॉलेज की तरफ कूद गया। इस दौरान राहुल की कार से टकरा गया। राहुल रुके तो मौके पर एक युवक ने इलाज के नाम पर उनसे तीन हजार रुपये ले लिए। कुछ देर बाद वह वहां दिखाई नहीं दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी वेव सिटी पूनम मिश्रा ने बताया कि मृत युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।