गाजियाबाद। टेलीग्राम पर टास्क पूरा करने का झांसा देकर ठगों ने पहले कुछ रकम युवक के खाते में ट्रांसफर कर दी। खाते में एक हजार रुपये आने के बाद और कमाई होने की लालच में युवक ठगों के झांसे में आ गया और आकर पौने तीन लाख रुपये ठगों के खाते में भेज दिए। खाते में रुपये आने के बाद ठगों ने उनको एक भी पैसा नहीं वापस नहीं किया। आरोपी चार लाख रुपये की और मांग करने लगे। मामले में पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गोविंदपुरम के बालाजी एंक्लेव निवासी अभिषेक वर्मा ने बताया कि उनके पास टेलीग्राम ग्रुप से एक मैसेज आया। उसमें टास्क पूरा करके घर बैठे कमाई होने का दावा किया गया था। शुरूआत में उन्होंने टास्क पूरा कर दिया तो ठगों ने उनको एक हजार रुपये भेज दिए। फिर ठगों ने उनसे कहा कि यदि वह कुछ पैसा इसमें निवेश कर दें तो मोटी कमाई शुरू हो जाएगी।
उनके कहने पर उन्होंने दोबारा पांच हजार रुपये भेज दिया। इसके बदले उनको 11 हजार रुपये मिले। इसके बाद उनका विश्वास बढ़ गया। ठगों के कहने पर उन्होंने एक बार मेें पौने तीन लाख रुपये भेज दिए लेकिन, उन्होेंने फिर रुपया वापस नहीं किया। इसके बाद उनको ठगी का पता चला। आरोपियों को जब लगा कि अब उनको रुपया नहीं मिलेगा तो उन्होंने संपर्क तोड़ दिया। मामले में उन्होंने कविनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।