गाजियाबाद। शेयर ट्रेडिंग और अपर सर्किट स्टॉक दिलाने के नाम पर साइबर अपराधियों ने क्रॉसिंग रिपब्लिक निवासी गौरव से 12.70 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने मोटे मुनाफे का झांसा देकर ठगी की। गौरव ने साइबर अपराध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से एक ग्रुप में जुड़े। जहां उन्हें शेयर ट्रेडिंग के बारे में बताया गया। इसके बाद एक एप इंस्टॉल कराई गई। फिर उन्हें अपर सर्किट स्टॉक दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। इसके बाद उनसे और रुपये निवेश कराए गए। बीच में उन्होंने करीब 38 हजार रुपये निकाले भी, ऐसे में उन्हें विश्वास हो गया।
धीरे-धीरे उनसे अन्य शेयर व आईपीओ दिलाने के नाम पर 12.70 लाख ट्रांसफर करा लिए। जब रुपये निकालने का प्रयास किया तो रुपये नहीं मिले। उनका कहना है उनसे जीके एंटरप्राइज, एमजे ट्रेडर, विकास एंटरप्राइज नाम की कंपनी के बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करवाए गए। एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि जिन खातों में रकम गई है उनकी जानकारी निकलवाई जा रही है। ठगी गई रकम को फ्रीज कराने के लिए टीम लगी है।