गाजियाबाद। विजयनगर के साप्ताहिक बाजार से सब्जी लेकर लौट रही बुजुर्ग महिला से आभूषण ठगने की घटना सामने आई है। दो युवतियों ने लुटेरे पीछे लगने का झांसा देकर इस घटना को अंजाम दिया। मामले में महिला के बेटे ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता शिवरतन ने बताया कि उनकी मां हेमलता साप्ताहिक बाजार में सब्जी लेने गई थीं। वह काफी देर तक नहीं लौटीं तो वह उनको देखने के लिए गए। रास्तेे में आते हुए उनकी मां ने उनको बताया कि उनकाे दो युवतियां मिली थीं। उन्होंने कहा कि उनके पीछे लुटेरे लगे हैं और उनकी निगाह उनके गले में पड़ी सोने की चेन और अंगूठियों पर है। उनके कहने पर उन्होंने आभूषण उतारकर रूमाल में रख लिए। तभी वह झांसा देकर उनके गहने ले गईं और फरार हो गईं। उनके जाने के बाद उनको ठगी का पता चला। इस बारे में एसीपी रितेश त्रिपाठी का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले में कार्रवाई की जाएगी।