मोदीनगर। भोजपुर के गांव दतैड़ी स्थित प्रकाश पाइप फैक्टरी में सोमवार दोपहर क्रेन की चेन टूटने से 36 वर्षीय मजदूर प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए गाजियाबाद स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। गाजियाबाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हापुड़ के कस्बा बाबूगढ़ स्थित नई बस्ती कॉलोनी निवासी रोहित पुत्र चमनलाल ने बताया कि उनके भाई प्रदीप उर्फ बिट्टू भोजपुर क्षेत्र के पिलखुवा से सटे गांव दतैड़ी स्थित प्रकाश पाइप फैक्टरी में करीब 10 साल से अधिक समय से मजदूरी करते थे। प्रदीप सोमवार दोपहर क्रेन से सीमेंट के पाइप को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहे थे। इसी दौरान क्रेन की चेन टूट गई और भारी भरकम पाइप की चपेट में आकर प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य मजदूरों ने पाइप हटाकर प्रदीप को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। प्रदीप को तीन बच्चे हैं। प्रदीप परिवार में अकेले कमाने वाले थे। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। अभी किसी ने घटना की तहरीर नहीं दी है।