वैशाली। आवारा कुत्तों से परेशान सेक्टर-1 स्थित नीलपदम कुंज सोसायटी की महिलाओं ने सोसायटी परिसर में थाली बजाकर अपना विरोध जताया। महिलाओं ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
विरोध जता रही महिलाओं ने कहा कि सोसायटी में दो वर्ष से लगातार आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है। सोसायटी के ही कुछ लोग कुत्तों के लिए सोसायटी परिसर में खाना डालती हैं जिसकी वजह से आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही हैं। शिकायत पर रविवार को नगर निगम की टीम पहुंची थी लेकिन महज तीन कुत्ते ही पकड़ सकी जबकि अभी भी सोसायटी में करीब 24 से अधिक आवारा कुत्ते हैं, जिनके डर से लोगों ने बाहर निकलना बंद कर दिया है। अंजू गोस्वामी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक आवारा कुत्ते ने ढाई वर्ष के बच्चे पर हमला किया था। इससे लोगों में काफी नाराजगी है। कुछ महिलाओं ने बताया कि पीएसी की एक दीवार सोसायटी से लगती है यह दीवार टूटी हुई इसके जरिये आवारा कुत्ते सोसायटी में प्रवेश कर जाते हैं। आरोप है कि आवारा कुत्तों को भगाने पर सोसायटी में रह रहे कुत्ता प्रेमी पीएफए सदस्यों का डर दिखाते हैं।
चलता रहेगा विरोध जब तक नहीं हटाए जाते कुत्ते
थाली पीट कर विरोध जताने वाली महिलाओं ने कहा कि जब तक सोसायटी परिसर से आवारा कुत्तों को नहीं हटाया जाता तब तक वह लोग अपना विरोध इसी तरह जताती रहेंगी। विभागीय अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए लोगों को आवारा कुत्तों से निजात दिलाना चाहिए।