गाजियाबाद। मिशन शक्ति के 90 दिन का अभियान नवरात्र के पहले दिन से शुरू हो रहा है। इस अभियान में महिला सशक्तिकरण के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी के क्रम में अपने बल पर व्यापार और उद्यम स्थापित करने वाली महिलाओं के लिए वुमेन फेस्ट लगाया जाएगा, जिसमें उनके उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी।
सीडीओ अभिनव गोपाल ने बताया कि वीडियो कान्फ्रेंसिंग में शासन से मिशन शक्ति फेज पांच का शुभारंभ होगा, जिसमें सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की तरफ से 1090 की तर्ज पर महिला स्वास्थ्य हेल्पलाइन की शुरूआत की जाएगी। स्त्री रोग विशेषज्ञ फोन पर समस्याओं का समाधान करेंगी। इसके साथ ही बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा विभाग वित्तीय साक्षरता विशेष तौर पर बैंक फ्राड और साइबर सिक्योरिटी के बारे में बालिकाओं को बताएंगे और इसको पाठ्यक्रम में भी शामिल कराया जाएगा। इसमें सोशल मीडिया इंफ्लूएंर्स को भी शामिल किया जाएगा। लगातार 90 दिन तक लघु फिल्म, नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।