साहिबाबाद। पड़ोसी युवक की शादी के वलीमे में पहुंची महिला से क्षेत्र के ही रहने वाले व्यक्ति ने छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकत की। जब महिला ने अपने देवर को बताया और विरोध किया तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता और उसके देवर के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साहिबाबाद क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि एक दिसंबर को वह पड़ोसी के घर वलीमा कार्यक्रम में देवर के साथ गई थी। आयोजन में क्षेत्र के ही रहने वाले हनीफ ने उससे छेड़छाड़ की और अश्लील हरकत करने लगा। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला और उसके देवर से जमकर मारपीट की। लाठी-डंडों से हमला करते हुए ईंट तक मारी। इसके बाद धमकी देकर फरार हो गए। महिला ने बताया कि उसके चेहरे और देवर के सीने और पेट में गंभीर चोट लगी है। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।