इंदिरापुरम। कोतवाली के पीछे वसुंधरा सेक्टर-9 में जनसत्ता अपार्टमेंट के पास 29 मई को दो शातिरों ने पांच सौ का नोट असली और नकली होने की बात कहकर महिला को अपने जाल में फंसा लिया। बाद में शातिरों ने महिला के हाथ से करीब सात लाख रुपये कीमत के नौ तोले के सोने के कंगन व आधा तोले की अंगूठी उतरवाकर लेकर भाग गए। घटना के 69 दिन बाद टप्पेबाजी का मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज से टप्पेबाजों की पहचान करने में जुटी है।
वसुंधरा सेक्टर-एक में रहने वालीं शीला ने बताया कि 29 मई को वह इंदिरापुरम कोतवाली के पीछे बुध बाजार में सामान खरीदने गई थीं। रास्ते में उन्हें एक युवक ने रोककर दिल्ली जाने का पता पूछा। तभी दूसरा युवक पहुंचा और उन्हें 500 रुपये का नोट दिखाकर असली-नकली की पहचान कर बताने को कहने लगा। आरोप है कि दोनों शातिरों ने उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया और उनसे बोला कि आपने आभूषण पहने हुए हैं। इन्हें उतारकर रुमाल में बांध लीजिए। वरना कोई बड़ी घटना हो सकती है। दोनों शातिर उन्हें बातों में फंसाकर एक खाली मैदान में ले गए। वहां अंधेरे के बीच खुद ही उनके हाथ से नौ तोले के सोने के चार कंगन व एक सोने की अंगूठी उतार ली। उसके बाद रुमाल में बांधकर उन्हें दे दी। इसके बाद दोनों फरार हो गए। काफी देर बाद उन्हें होश आया तो घबराकर घर पहुंचीं। पति इंद्र सिंह को घटना की जानकारी दी। दंपती ने पुलिस को मामले की सूचना दी। उनकी शिकायत पर अब 69 दिन में मुकदमा दर्ज हुआ है।
मुकदमा देरी से दर्ज होने पर जांच के निर्देश
घटना के करीब दो महीने बाद इंदिरापुरम कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ, जिसमें कार्रवाई को लेकर लापरवाही की बात सामने आ रही है। सात लाख से ज्यादा कीमत के आभूषणों की टप्पेबाजी होने से पुलिस सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। डीसीपी निमिष पाटिल का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ है। मुकदमा देरी से लिखे जाने की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।