गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र में शास्त्रीनगर महिंद्रा एंक्लेव की रहने वाली गुड्डी देवी को दो बदमाशों ने रास्ते पूछने के बहाने सुनसान इलाके में ले गए। फिर पिस्टल दिखाकर कुंडल, पाजेब, पर्स, मोबाइल व नकदी लूट ली। घटना सोमवार शाम करीब सवा छह बजे की है। मामले में उनके बेटे पंकज ने घटना की तहरीर लिखकर दी। आरोप है कि पुलिस ने आश्वासन दे तहरीर बदलवाकर टप्पेबाजी की घटना दिखाकर चोरी व धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज करने की खानापूर्ति की।
गुड्डी के बेटे पंकज ने बताया कि उनकी मां को पड़ोस में रहने वाली एक महिला लेकर आईं। उनकी मां ने उन्हें बताया कि वह बाजार जा रही थीं। कार्टेज चौक के पास दो युवक आए और शिव मंदिर का रास्ता पूछने लगे। उन्होंने रास्ता बता दिया लेकिन वे गए नहीं। इतने में तीसरा युवक आया और कहने लगा माता जी उनका बच्चा खो गया है। कृपया आप चलकर बता दीजिए मंदिर का रास्ता। भावुक होकर गुड्डी देवी उनको रास्ता बताने लगी। सुनसान इलाका आते ही एक ने उनको पिस्टल दिखाई और कुंडल व पर्स ले लिए। पंकज ने बताया कि मां के पास करीब 10 हजार रुपये थे। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में बदमाशों की तलाश की जा रही है। तहरीर बदलवाने के संबंध में जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।