गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास शिव हरि मंदिर में रहने वाली 75 वर्षीय शीला देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शीला का शव मंदिर में ही मंगलवार सुबह तख्त पर पड़ा मिला। शीला का सबसे छोटा बेटे सचिन मंगलवार सुबह ड्यूटी से लौटे तो उन्हें घटना का पता चला। आसपास के लोगों ने पुलिस इसकी सूचना दी।
मंदिर के पास ही काम करने वाली एक महिला ने बताया कि मंदिर में शीला देवी अपने छोटे बेटे सचिन के साथ रहती थी। सचिन सुरक्षाकर्मी है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब सचिन ड्यूटी से वापस लौटे तो उन्हें शीला का शव तख्त पर खून से लथपथ मिला। सचिन शोर मचाते हुए मंदिर से बाहर आए तो आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। शीला का किसी धारदार हथियार से गला रेता गया है। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शीला का शव मोर्चरी भिजवाया।
शीला के दामाद विनोद ने बताया कि उनके ससुर रामकिशन की मृत्यु हो चुकी है। वे रेलवे में इलेक्ट्रीशियन थे। उनकी सास के तीन बेटे और हैं। इनमें से राजेश दिल्ली में रहते हैं वो रेलवे में कर्मचारी हैं और अमित गाजियाबाद में ही ऑटो चालक हैं। दोनों अलग रहते हैं। उनकी सास मंदिर में अपने सबसे छोटे बेटे सचिन के साथ रहकर मंदिर की देखभाल करती थीं।
डीसीपी नगर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि शीला के गले पर धारदार हथियार से वार कर हत्या करना प्रतीत हो रहा है। एक युवक का नाम प्रकाश में आया है जो फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। मामले में शीला के बेटे अमित ने तहरीर दी है। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बेटे की शादी कराने की बात कहकर साथ रहने लगा था एक युवक
पुलिस को जांच में और सचिन से जानकारी करने पर पता चला कि शीला के पास कुछ दिन पहले शिवम नाम का एक युवक आया था। उसने खुद को हरिद्वार से बताया था। शिवम ने शीला से कहा था कि वह उनके बेटे की शादी करा देगा। विश्वास करके शीला ने उसे अपने साथ रख लिया लेकिन घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
-
शीला के कान में नहीं मिले कुंडल, लूटपाट के विरोध में हत्या की आशंका
- शीला के सामान में से मिले एक रजिस्टर में से फटे मिले कई पन्ने
- क्या हत्या करने के मकसद से रहने आया था युवक
राहुल सिंघल
गाजियाबाद। घटनास्थल के आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि शीला देवी के पास कुछ दिन पहले जो युवक रहने आया था। उसे शीला देवी ने एक दिन उनके रुपये चोरी करते हुए देख लिया था लेकिन कुछ नहीं कहा था। इसके बाद उसने उनके कुंडल भी निकालने का प्रयास किया। आशंका जताई जा रही है कि उस युवक ने शीला के फिर से कुंडल निकालने का प्रयास किया होगा विरोध करने पर उसने उनकी गला रेतकर हत्या कर दी। शीला देवी के कानों में कुंडल नहीं मिले हैं।
जानकारी करने पर पुलिस को शीला के दामाद विनोद ने बताया कि एक रजिस्टर हैं जिसमें उनकी सास नंबर व अन्य जानकारी लिखती थी। पुलिस घटनास्थल मंदिर में पहुंची और जांच तो मंदिर परिसर में जहां शीला देवी सोती थीं। वहां उनके सामान के पास से बक्से में से कुछ रुपये एक रजिस्टर और बैंक की पासबुक भी मिली है। रजिस्टर में से कुछ पन्ने फटे मिले हैं। आशंका है कि आरोपी का नंबर पुलिस को न मिले इसके लिए उसने रजिस्टर में से पन्ने फाड़ दिए।
जान बचाने के लिए किया था संघर्ष
शीला ने अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष भी किया था। उनके शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं। डीसीपी नगर का कहना है कि उनके हाथ, सीने और पैर पर चोट के निशान हैं। इससे लगता है कि जान बचाने के लिए वह हत्यारे से जूझीं थीं। अभी तक की जांच में संपत्ति विवाद या रंजिश जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
बैंक पासबुक की स्टेटमेंट की जांच कर रही पुलिस
शीला की बैंक स्टेटमेंट में हाल की कुछ ट्रांजेक्शन मिली है। सोमवार को शीला बैंक से दो हजार रुपये निकालकर लाई थीं। 1500 रुपये उनकी पासबुक में रखे मिले हैं।