इंदिरापुरम। कोतवाली क्षेत्र के कनावनी गांव में शनिवार को एक महिला पर छह माह की बच्ची को अगवा करने का मामला सामने आया है। बच्ची की मां घरेलू सहायिका है जबकि पिता भी काम पर गए थे। दोपहर में घटना का पता चलने पर पिता ने आरोपी महिला के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। बच्ची को सकुशल बरामद करने के लिए दो टीमों का गठन हुआ है। वहीं, खोड़ा में एक युवक ने 13 साल की किशोरी को अगवा कर लिया। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
मूलरूप से लखीसराय बिहार के रहने वाले रिंकू महतो कनावनी में रहते हैं। उनकी पत्नी घरेलू सहायिका का काम करती हैं। दंपती के तीन बच्चे हैं। सुबह में वह अपने काम पर चले गए जबकि पत्नी भी कोई काम करने कुछ देर के लिए बाहर गई थीं। उनकी छह माह की बच्ची घर पर लेटी थी। उसके पास छह साल की बेटी खेल रही थी। दोपहर में उनकी पत्नी घर पहुंची तो देखा कि मासूम बच्ची घर में नहीं है। उन्होंने दोनों बच्चों से बच्ची के बारे में पूछा तो कोई कुछ नहीं बता पाया। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। कनावनी चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पता चला कि दंपती की परिचित देवरिया की रहने वाली इदन खातून उनकी बच्ची को उठाकर ले गई है। वह भी अपनी झुग्गी से गायब है। पुलिस ने उसका फोन नंबर मिलाया तो वह बंद था। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर टीम ने तलाश तेज कर दी। पुलिस ने शिकायत पर अपहरण का मुकदमा भी दर्ज किया है।
13 वर्षीय बच्ची को बहकाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज
खोड़ा थाना पुलिस को पवन विहार के राजा ने शिकायत दी कि 32 साल का युवक उनकी 13 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया। बेटी का पता चलने पर उन्होंने युवक को कॉल की थी लेकिन उसका कोई जवाब नहीं मिला। इस बीच युवक की पत्नी ने कॉल करके बेटी के बारे में बताया। खोड़ा पुलिस किशोरी को सकुशल बरामद करने में जुटी है।
इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि छह माह की बच्ची को सकुशल बरामद करने में टीम लगी है। दो टीमों को लोकेशन पर रवाना किया गया है। जल्द ही बच्ची को अपने कब्जे में ले लिया जाएगा। दूसरी तरफ खोड़ा में भी किशोरी को बरामद करने के लिए युवक की लोकेशन ट्रेस कर रहे हैं।