गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के कृष्णानगर बागू में शनिवार तड़के पारिवारिक कलह के चलते 27 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। महिला की मौत से परिवार में मातम छा गया। उसकी शादी करीब पांच साल पहले हुई थी और तीन साल का बेटा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण को भेज दिया है। हालांकि पुलिस को देर शाम तक तहरीर नहीं मिली थी। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि जनपद बुलंदशहर के जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के सापुड़ कला निवासी स्नेहा अपने पति प्रवीण कुमार और परिवार के साथ कृष्णानगर बागू में दिनेश कुमार के मकान में किराये पर रहती थीं। उनके पति डेंटल लैब में काम करते हैं। शुक्रवार की रात किसी समय स्नेहा ने छत में लगे लोहे के गाटर से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार की तड़के परिजनों का फंदा लगाने की बाबत जानकारी हुई। परिजनों ने सुबह साढ़े तीन बजे घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन कर शव मेडिकल परीक्षण को भिजवाया। एसीपी ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।