गाजियाबाद। कोरोना संक्रमित मुरादनगर निवासी एक और महिला की मौत मेरठ के सुभारती मेडिकल काॅलेज में हो गई। एक सप्ताह में अलग-अलग क्षेत्रों में यह चौथी मौत है। विभाग ने महिला की मौत की पुष्टि की है लेकिन पोर्टल पर अभी अपडेट नहीं किया है।
अप्रैल महीने में 3456 की जांच में अब तक 974 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इस समय 453 मरीजों का इलाज चल रहा है। 19 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। 24 घंटों में 1533 लोगों ने कोरोना की जांच कराई। इनमें से 85 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इलाज के सात दिन बाद 65 मरीजों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ जबकि तीन मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि मुरादनगर निवासी 55 वर्षीय महिला को गंभीर मधुमेह था। उन्हें संक्रमण (सेप्टीसीमिया) भी हो गया था। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने महिला को सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। 17 अप्रैल को महिला की कोरोना जांच के लिए नमूना भेजा गया था। 18 अप्रैल को मौत हो गई। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 249 कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
स्वयं करें संक्रमण से बचाव, विभाग को है गाइड लाइन का इंतजार
जिला सर्विलांस अधिकारी का कहना है कि महामारी अधिनियम अभी शासन स्तर से सक्रिय नहीं हुआ है। इसलिए घर में रहने वालों पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई जा रही है। यदि सक्रिय मरीजों की संख्या एक हजार से अधिक होंगे तो पाबंदियां लागू हो सकती हैं। कंटेनमेंट क्षेत्र बनाने का उद्देश्य है कि आसपास रहने वाले लोग सजग रहें और उन्हें जानकारी रहे कि आसपास कोरोना संक्रमित मरीज हैं तो वह स्वयं बचाव करें।
डासना में सबसे अधिक 10 संक्रमित मिले
बृहस्पतिवार को सबसे अधिक डासना में 10 कोरोना संक्रमित मिले हैं। विजय नगर, राजनगर और शिप्रा सनसिटी में आठ-आठ मरीजों की पुष्टि हुई है। मकनपुर में सात, राजबाग में छह, शालीमार गार्डन में पांच, दीनदयालपुरी में चार, कैला भट्ठा में तीन, कोटगांव, लोनी, मोदीनगर, मुरादनगर, शास्त्रीनगर, वसुंधरा में दो-दो और चार क्षेत्र में एक-एक मरीज मिले हैं।
उम्रवार संक्रमित मरीज
उम्र संक्रमित
1-10 02
11-20 07
21-30 18
31-40 14
41-50 15
51-60 16
61-70 04
71-80 05
81-90 01