साहिबाबाद। श्यामपार्क एक्सटेंशन स्थित महिला के फंदा लगाने के मामले में भाई की शिकायत पर साहिबाबाद थाना पुलिस ने पति पर रिपोर्ट दर्ज की है। दिनेश चौहान निवासी नोएडा ग्राम चौड़ा ने साहिबाबाद थाने में दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन मोनिका की शादी इशांत निवासी श्याम पार्क एक्सटेंशन साहिबाबाद के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही इशांत ने मोनिका को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। दिनेश ने बताया कि 25 दिसंबर को उनकी बहन का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। मोनिका की सास ने उन्हें सूचना दी तो वह मौके पर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने मोनिका को मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि इशांत की प्रताड़ना से तंग आकर मोनिका ने अपनी जान दी है। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि महिला के भाई की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।