साहिबाबाद। कोतवाली क्षेत्र के शालीमार गार्डन और अर्थला में दो महिलाओं को दहेज नहीं देने पर बुरी तरह पीटा और ससुराल से निकाल दिया। दूसरी तरफ, शालीमार गार्डन में पति ने महिला को पीटने के बाद कमरे में बंद कर ससुर ने कपड़े फाड़ दिए। उनके फोटो व वीडियो बनाकर भगा दिया। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।
अर्थला न्यू नीलमणि कालोनी की सीमा खान का कहना है कि 30 जनवरी 2017 को मोहम्मद सलीम से निकाह करने के बाद उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। 11 सितंबर 2017 को दहेज में आठ लाख रुपये का खर्चा करके सलीम के साथ उन्हें विदा किया। बावजूद उनसे पांच लाख रुपये और बाइक की मांग हुई। आरोप है कि उन्होंने मायके पक्ष की आर्थिक स्थिति को देखकर दहेज लाने से मना कर दिया तो उन्हें खूब पीटा गया। बाद में उन्हें पांच साल और एक साल के बच्चों के साथ ससुराल से निकाल दिया।
खोड़ा की रुमा का कहना है कि उनका पति वसीम से कोर्ट में घरेलू हिंसा का मुकदमा चल रहा है। वह कोर्ट की तारीख पर उनसे बात नहीं करता है। वह अपने परिचित या परिवार से बात करती हैं तो उन्हें सरेराह पीटा जाता है। उन्होंने पति से खुद और बच्चे की जान को खतरा बताया। उन्होंने वसीम पर पीटने, धमकी व चोट पहुंचाने का खोड़ा पुलिस को मुकदमा कराया है।
तीसरे मामले में शालीमार गार्डन क्षेत्र की महिला ने पुलिस को पति, सास और ससुर पर मारपीट, धमकी देना, चोट पहुंचाना व छेड़छाड़ के बाद फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मुकदमा कराया है। उनका कहना है कि पति का दूसरी महिला से संबंध हैं। इस वजह से वह उन्हें बुरी तरह पीटता है। विरोध करने पर ससुर ने कमरे में बुरी पीटा और कपड़े फाड़कर अश्लील फोटो व वीडियो बना लिया। उन्हें घर से बाहर निकालने के बाद ससुर ने वीडियो-फोटो वायरल कर दिए। डीसीपी विवेक चंद्र का कहना है कि दहेज अधिनियम के तीनों के मामलों की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई होगी।