गाजियाबाद। खोड़ा के गजेंद्र उर्फ गज्जी हत्याकांड में गवाह नहीं आने से तारीख लग गई। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 17 मई की तारीख लगाई है। गजेंद्र की हत्या में पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, शूटर राजू पहलवान और नरेंद्र फौजी आरोपी हैं। गजेंद्र भाटी पर भी हत्या का प्रयास और मारपीट समेत कई अन्य धाराओं में खोड़ा थाने में कई मुकदमे दर्ज थे।
सितंबर 2017 में हुई थी हत्या
सुभाष पार्क निवासी खोड़ा-मकनपुर मंडल अध्यक्ष बलवीर चौहान और इंदिरा विहार निवासी भाजपा नेता गजेंद्र भाटी उर्फ गज्जी (32) हंगामे की सूचना पर शनि बाजार मंदिर गए थे। हंगामा शांत होने के बाद वह अपनी एसयूवी कार छोड़कर बलवीर की बाइक से अपने कार्यालय लौट रहे थे। दोनों इंदिरा विहार कालोनी पहुंचे थे, उसी दौरान सामने से आए बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें नमस्ते किया। बलवीर ने बाइक रोकी तो दूसरी बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकाली और गजेंद्र पर कई फायर कर दिए। बलवीर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें भी गोली मारी और दो हवाई फायर कर भाग गए। कुछ लोगों ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो वे उन पर भी पिस्टल तानकर भाग गए।
दोनों नेताओं को लहूलुहान हालत में नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सिर और पेट में गोली लगने से अस्पताल में गजेंद्र की मौत हो गई थी, जबकि पेट में गोली लगने से बलवीर गंभीर थे। 2016 में गजेंद्र खोड़ा से ग्राम प्रधानी का चुनाव लड़ा था। उसमें पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा की पत्नी से हार गया था। खोड़ा में होने वाले नगर पालिका के चुनाव में चेयरमैन पद का दावेदार था। इसकी तैयारी भी तेजी से कर रहा था। गजेंद्र की मौत के बाद पत्नी रीना भाटी ने चुनाव में जीत दर्ज की थी।