साहिबाबाद। कोतवाली क्षेत्र के शहीद नगर स्थित चूना भट्ठी रोड के पास गाड़ी बनाने वाले मिस्त्री के खाते से ठगों ने ऑनलाइन 2 लाख 57 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। शातिर ने रकम ट्रांसफर कर पीड़ित का मौबाइल फोन हैक कर जरूरी एप और सभी संपर्क नंबर मिटा दिए। साहिबाबाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर ठगी का मुकदमा दर्ज किया है।
शहीद नगर निवासी मोहम्मद अकरम ने बताया कि 17 अप्रैल की रात 10 बजे के करीब उनके खाते से ट्रांजेक्शन का मैसेज आया था। उन्होंने फोन चेक किया तो बैंक से दो लाख रुपये निकालने का मैसेज था जबकि, दूसरे मैसेज में 57,011.80 रुपये निकलने की जानकारी थी। उन्होंने जैसे ही बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र पर फोन करने के लिए नंबर डायल करना चाहा तो उससे पहले ही उनका फोन हैक होने के साथ बंद हो गया। काफी देर तक फोन ऑन नहीं हुआ तो वह मोबाइल मैकेनिक के पास पहुंचे और उसे स्टार्ट कराया। बाद में पता चला कि शातिर ने उनके सभी ऑनलाइन एप और संपर्क नंबर डिलीट कर दिए हैं।
उन्होंने तुरंत ठगी की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए ऑनलाइन शिकायत की लेकिन, कई दिनों बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर वह कोतवाली पहुंचे और लिखित शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच में आया कि मेवात के अकरम नाम के युवक के खाते में मैकेनिक की रकम ट्रांसफर हुई है। साहिबाबाद एसीपी रजनीश उपाध्याय का कहना है कि खाते की जानकारी बैंक से मंगाकर ठग को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।