गाजियाबाद। मां को गाली देने पर पति ने पत्नी की हत्या कर शव को विजयनगर की टी एंड टी यूटोपिया सोसायटी की निर्माणाधीन बिल्डिंग में छिपा दिया। 12 जून को शव बरामद होने पर पुलिस ने शव की पहचान कराकर मामले की जांच कर आरोपी पति को पश्चिम बंगाल से दबोच लिया। महिला के शव की पहचान उसके भाई कालू उर्फ शोएबुर ने की थी। एसीपी नगर कोतवाली सलोनी अग्रवाल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अनिकुल शेख (32) पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है। 12 जून को विजयनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि सिद्धार्थ विहार के टी एंड टी यूटोपिया सोसायटी की निर्माणाधीन बिल्डिंग की सातवीं मंजिल पर एक महिला का शव टांड पर पड़ा हुआ है। उसकी पहचान शिल्पा खातून (30) के रूप में हुई थी। मामले में उसके भाई कालू उर्फ शोएबुर ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कालू ने जीजा अनिकुल शेख पर हत्या का आरोप लगाया था। जांच में अनिकुल के खिलाफ हत्या के साक्ष्य मिले तो उसकी तलाश शुरू की। अनिकुल और शिल्पा खातून इसी बिल्डिंग में काम करते थे। पूछताछ में पता चला कि 11 जून को अनिकुल पत्नी के साथ बिल्डिंग की 24वीं मंजिल पर काम कर रहे थे। दोपहर में दोनों खाना खाने सातवीं मंजिल पर गए। वहां दोनों की विवाद हो गया। अनिकुल ने पुलिस को बताया इसी बीच शिल्पा उसे मां की गाली देने लगी तो उसे गुस्सा आ गया। इस पर उसने उसे पटक दिया और उसके ऊपर बैठकर उसका गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। डर के कारण उसने वहीं एक टांड पर उसका शव छिपा दिया और पश्चिम बंगाल भाग गया।