साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के झंडापुर में 18 फरवरी को आग से झुलसी अल्का उर्फ पायल (22) की मौत गला दबाने व बुरी तरह पीटने से भी हुई थी। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पति के खिलाफ ससुर की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। शाम को पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस को जिला अस्पताल से सूचना मिली थी कि 18 फरवरी को झंडापुर में रहने वाली अल्का उर्फ पायल आग से झुलसी हालत में भर्ती हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो ससुरालियों के हाव-भाव बदल गए। पति संदीप ने पुलिस को कई अलग-अलग बयान दिए। पुलिस का कहना है कि शक होने पर मामले की जांच की तो पता चला कि अल्का के सिर्फ हाथ और घुटने आग से झुलसे थे। इससे इलाज के दौरान उनकी मौत नहीं हो सकी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जिसमें पता चला कि अल्का की बुरी तरह पिटाई की थी। उनके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे। इसके अलावा रिपोर्ट में गला दबाने, मारपीट, आग से झुलसने से मौत की वजह आई।
पुलिस न शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद जांच तेज की। मृतका के पिता प्रमोद कुमार ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी दो साल पहले 2022 में की थी। कुछ दिनों बाद ससुराल के लोग दहेज के लिए उनकी बेटी को परेशान करने लगे थे। उन्होंने कई बार समझाने का प्रयास किया था। इसके बाद योजना बनाकर बेटी के साथ घटना कर दी। अस्पताल में इलाज के दौरान बेटी की मौत हो गई। उन्होंने शुक्रवार को लिंकरोड थाने पहुंचकर पति संदीप व अन्य के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा कराया।
एसीपी रजनीश उपाध्याय का कहना है कि शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में लिया है। पूछताछ में सभी तथ्य पता करके आगे कार्रवाई की जाएगी।