गाजियाबाद। हम बच्चों को कौन बचाए, कुत्तों ने होश उड़ाए, जैसे नारे लिखकर गुलमोहर गार्डन सोसायटी के करीब 100 बच्चों ने परिसर में पैदल मार्च निकाला। शनिवार को 10 वर्षीय आदविक को कुत्ते ने काट लिया था। पिछले हफ्ते भी एक बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। कुत्तों की समस्या से निजात पाने के लिए अब बच्चों ने मोर्चा संभाल लिया है। 12 वर्षीय खुशी का कहना है कि कुत्तों के संरक्षण के लिए कानून है तो बच्चों के संरक्षण के लिए क्यों नहीं।
10 वर्षीय मोनू का कहना है कि पार्क हो या रोड हर जगह कुत्ते बैठे रहते हैं। आखिर हम खेलने कहां जाएं। सोसायटी निवासी मृदुल सिन्हा, विनीत बंसल और डॉ. नीतिका शुक्ला का कहना है कि इस समस्या को बढ़ावा देने में कुछ पशु प्रेमी और मेंटेनेंस विभाग के कर्मचारियों का हाथ है। बच्चे कुत्तों के डर से दुकान पर सामान लेने नहीं जाते हैं।