फोटो भी लगा लें हमें कोरोना के साथ जीना होगाः सुरेश खन्ना - संतोष अस्पताल में निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी सेवाएं भी शुरू करने के दिए निर्देश माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। वित्त संसदीय कार्य एवं चिकित्सा मंत्री सुरेश खन्ना ने एल-3 संतोष हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। कोविड-19 के मरीजों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में कोरोना मरीज ज्यादा डिस्चार्ज हुए हैं। उनकी रिकवरी का प्रतिशत अच्छा है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 94 एक्टिव मरीज एल-1, एल-2 एवं एल-3 अस्पताल में भर्ती हैं। निरीक्षण में उन्होंने संतोष मेडिकल अस्पताल में भर्ती सात कोरोना मरीजों से बात की। मरीजों ने बताया कि उनके खाने-पीने, सफाई एवं उपचार का प्राथमिकता पर ध्यान रखा जा रहा है। जिले के प्रभारी मंत्री खन्ना ने कहा कि हमारा फोकस विशेष रुप से इमरजेंसी सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने पर है। उन्होंने संतोष अस्पताल में भी इमरजेंसी सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि मरीजों को तो हम बचा रहे हैं, लेकिन अन्य बीमारियों के जो मरीज हैं उन लोगों को भी अब हमें बचाना है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की सभी इमरजेंसी सेवाएं स्टार्ट होंगी एवं सभी तरह के मरीजों का इलाज किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि कोरोन से बचाव के लिए जरूरी है कि सरकारी निर्देशों का पालन करेगा तो वह बीमारी से बचा रहेगा। कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों से बातचीत करते समय मरीजों द्वारा प्रभारी मंत्री को बताया गया कि उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया, यही वजह है कि वह संक्रमित हुए। उन्होंने कहा कि जो भी कोरोना वायरस संबंधित सरकारी निर्देश नही मानेंगे, दो गज की दूरी का पालन नहीं करेंगे, मास्क नहीं लगाएंगे एवं सावधानी नही बरतेंगे तो वह कोरोना की चपेट में आएगा। हम लोगों को विशेष तौर पर कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन करना चाहिए। सरकार अपनी तरफ से पूरा प्रयास एवं कोशिश कर रही है कि संक्रमण को किसी भी तरह से रोका जाए, इसके लिए किसी तरह की कोई ढील नहीं दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एनके गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। -----------