\n\nफोटो है\n\nमनोकामना सोसायटी में 15 दिनों से आ रहा गंदा पानी\n\n- सोसायटी और उसके बाहर कई जगह सीवर है ओवर फ्लो\n\n- लोग कर चुके हैं कई बार शिकायत, अधिकारी कर रहे लापरवाही\n\n- लोगों ने कहा इसी तरह गंदे पानी की हुई सप्लाई तो करेंगे प्रदर्शन\n\n
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। सेक्टर ४ ए वसुंधरा स्थित मनोकामना अपार्टमेंट में पिछले 15 दिनों से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। इसके साथ ही सोसायटी में कई जगह सीवर ओवर फ्लो हो रहा है जिससे सोसायटी के अंदर गंदगी पसर गई है। इसको लेकर लगातार सोसायटी के रेजिडेंट्स नगर निगम व जल निगम अधिकारियों से शिकायत कर रहै हैं लेकिन अभी तक समस्या का कोई हल नहीं निकल सका है। लापरवाह अधिकारियों से नाराज लोगों ने सोमवार को सांकेतिक प्रदर्शन किया। समस्या का हल न निकलने पर नगर निगम का घेराव करने की चेतावनी दी है।\n\nसोसायटी के लोगों का कहना है कि कई जगह सीवर ओवरफ्लो होने की वजह से ही गंगाजल में यह सीवर का पानी मिश्रित होकर घरों में पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि पिछले पंद्रह दिनों से सभी बाहर का पानी खरीदकर काम चला रहे हैं। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि उन लोगों ने जलकल विभाग के जेई को फोन पर कई बार शिकायत कर चुके हैं। शिकायत पर जेई ने पदाधिकारियों को बताया कि मेन सीवर लाइन का पानी खींचने वाला मोटर खराब है। इसके बाद प्राइवेट ठेकेदार के लेबर सोसायटी में दो बार सीवर साफ करने के लिए पहुंचे भी। लेबर ने स्थानीय लोगों को बताया कि मेन लाइन बंद है ऐसे में बड़ी मशीन से ही सीवर खोले जा सकते हैं जिससे सफाई हो सकती है लेकिन बड़ी मशीन के अभाव में सीवर की सफाई नहीं हो सकी और अब तक भी समस्या का समाधान नहीं निकल सका है। वहीं वसुंधरा सेक्टर-1 में भी दो दिन से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। वसुंधरा वासियों का कहना है कि वह सभी लोग निगम को टैक्स समय से पहले देते हैं इसके बाद भी गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। सांकेतिक प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं निकला तो वह लोग नगर निगम का घेराव करेंगे। प्रदर्शन में विनय सिंह मनोज सिंह धवन जी पावर जी सीमा रावत अंजलि आदि शामिल रहे।\n\n------------\n\nनिशा ठाकुर\n\n\n