पानी की लाइन मरम्मत के चलते नहीं हो सकी सप्लाई - शालीमार गार्डन के लोगों को शुक्रवार को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा।
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। शालीमार गार्डन के लोगों को शुक्रवार पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। पानी की पाइप लाइन की मरम्मत के चलते कॉलोनी में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। नगर निगम की तरफ से पानी की पाइप लाइन की मरम्मत का काम चल रहा है। जिससे शाम तक पूरा कर लिया जाए। शनिवार को इलाके में सुचारू रूप से पानी की सप्लाई होगी। शालीमार गार्डन में काफी समय से पानी की पाइप लाइन में लीकेज थी। इसकी वजह से इलाके में कम प्रेशर से पानी पहुंच रहा था। दो दिन लीकेज की समस्या बढ़ गई और पाइप लाइन फट गई। इससे हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद होने लगा। लोगों की शिकायत पर बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम पहुंची और पाइप लाइन की मरम्मत का काम शुरू किया। फॉल्ट बड़ा होने की वजह से बृहस्पतिवार को पाइप लाइन ठीक नहीं हो सकी। ऐसे में शुक्रवार को इलाके में नगर निगम की तरफ से पानी की सप्लाई नहीं की गई। लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। लोगों ने किसी तरह से बोतल बंद पानी खरीदकर और घरों में स्टोर पानी से रोजमर्रा का काम पूरा किया। वहीं नगर निगम अधिकारियों की माने तो पानी की पाइप लाइन की मरम्मत चल रही है। शुक्रवार शाम तक काम पूरा हो जाएगा। जिसके बाद सुचारू रूप से शनिवार को इलाके में पानी की सप्लाई की जाएगी।