\n\nनहीं मिला लोगों को गंदे पानी की सप्लाई से निजात\n\n- वसुंधरा के लोग अधिकारियों की लापरवाही से हो रहे परेशान\n\n- कई लोगों को बार-बार खाली करना पड़ता है ओवर हेड टैंक, बढ़ी परेशानी\n\nमाई सिटी रिपोर्टर\n\nसाहिबाबाद। सेक्टर-4 वसुंधरा स्थित मनोकामना सोसायटी के साथ ही वसुधरा सेक्टर-1 में भी लोगों को गंदे पानी की समस्या से निजात नहीं मिल सका है। मंगलवार को ठेकेदार ने कुछ कर्मचारियों को सीवर की सफाई करने को भेजा भी लेकिन वह लोग फिर से बड़ी मशीन न होने का बहाना बनाकर लौट गए। लगातार गंदे पानी की सप्लाई से परेशान लोगों में अब लचर व्यवस्था के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।\n\nबता दें कि वसुंधरा में सीवर ओवर फ्लो की समस्या से लोगों के घरों में बदबूदार गंदा पानी पहुंच रहा है। मनोकामना सोसायटी के अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को फिर से कुछ कर्मचारी सीवर की सफाई करने पहुंचे लेकिन बिना काम किए लौट गए। लोगो का कहना है कि जब तक सीवर की सफाई पूरी तरह नहीं हो सकेगी घरों में गंदे पानी की सप्लाई भी नहीं रुकेगी। रेजिडेंट्स का कहना है कि मंगलवार की सुबह भी घरों में गंदा पानी पहुंचा। इस तरह लगतार गंदे पानी की सप्लाई की वजह से इस मंदी के दौर में लोगों पर बोतल बंद पानी के अतिरिक्त खर्चा का बोझ बढ़ रहा है। पीने से लेकर रोजमर्रा के काम के लिए भी लोग बोतलबंद पानी खरीद रहे हैं। कैलाश शर्मा ने बताया कि गत एक सप्ताह में गंदे पानी की वजह से कई बार लोगों को ओवर हैड टेंक की सफाई करनी पड़ी है। वहीं जलकल विभाग के जेई सोमेंद्र तोमर का कहना है कि एसटीपी लाइन में खराबी की वजह से यह परेशानी बढ़ गई है। सीवर और नाले की सफाई का काम अब निजी हाथों में है, ठेकेदार ने मंगलवार की शाम तक एसटीपी लाइन की सफाई करने की बात कही है। जैसे ही एसटीपी लाइन साफ हो जाएगी, लोगों को साफ पानी पहुंचना शुरू हो जाएगा।\n\n---------------\n\nनिशा ठाकुर\n\n\n