साहिबाबाद। रात में ढाई बजे मोटर चलने की आवाज आई। तब तक पड़ोस में रहने वाली दीदी का फोन आ गया कि जल्दी से मोटर चला। मोटर चलाई तो पानी आ गया। इससे तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। चार बजे सुबह तक पानी भरने की कोशिश में जुटी रही कि पांच दिनों से सूखी टंकी किसी तरह भर जाए। फिर क्या था, सुबह नौ बजे नींद खुली तो ऑफिस जाने की तैयारी में लग गई। ऐसे में त्योहार की तैयारी कहीं पीछे छूट गई। यह कहना है न्यायखंड निवासी रेणु शर्मा का।
इन दिनों त्योहार की तैयारी छोड़ पानी जुटाने की जद्दोजहद अकेली रेणु शर्मा नहीं, वसुंधरा जोन के हजारों लोगों की है। जीडीए या निगम कब पानी देगा, इसका कोई समय नहीं है। एक तो दिन भर लोग नल का टैप खोलकर बैठे रहते हैं कि कब पानी आ जाए। रात में भी पानी का इंतजार के लिए जागते रहते हैं। रविवार रात को भी जो लोग पानी के इंतजार में जगे थे, उन्होंने ढाई बजे रात में पानी पाया। जो रात भर पानी के लिए नहीं जगे वह पानी के लिए तरस कर रह गए। जब इस बारे में जीडीए के अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम से बात की गई तो उनका कहना था कि सुबह 7 से 10 के बीच पानी आपूर्ति की जा रही है। यह पूछने पर कि फिर देर रात में पानी कैसे आया तो वह इस पर कुछ बोल नहीं पाए।
वसुंधरा निवासी नीना झा ने बताया कि पांच दिनों से वाशिंग मशीन में कपड़े जमा हैं। पानी नहीं मिलने से धुलाई नहीं हो पा रही है। बोतलबंद पानी से प्यास तो बुझा ली जाती है, लेकिन अन्य काम को पानी आने तक टाल देते हैं। ऐसी स्थिति में त्योहार पर घर की साफ सफाई कैसे करें।
ज्ञानखंड चार निवासी विजेंद्र चौधरी ने बताया कि रात को दस 11 बजे के बीच पानी मिला। रात में जागकर मोटर चलाकर पानी भंडारित किया गया। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि नलकूप चलाकर पानी टंकी व यूजीआर को भरा जा रहा है। उसके बाद ही वार्डों में पानी की आपूर्ति कराई जा रही है।
वैशाली सेक्टर 3-एफ निवासी वीरबल ने बताया कि दो दिन से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। सुबह को पड़ोसी के समर्सिबल और टैंकर से पानी भंडारित करना पड़ा। इस कारण कार्यालय भी देरी से जाना पड़ा। वहीं पानी नहीं मिलने के कारण त्योहार पर घर की साफ सफाई भी नहीं कर पा रहे हैं। पार्षद से शिकायत कर पर्याप्त पानी देने की मांग की गई तो उन्होंने मंगलवार से पानी की आपूर्ति होना बताया गया है। नगर निगम सहायक अभियंता आश कुमार ने बताया कि टंकी का वाल्व खराब होने के कारण पानी नहीं दिया जा सका। दो दिन से टैंकर भिजवाकर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रतापविहार प्लांट से गंगाजल का वितरण
100 क्यूसेक प्लांट से
- 80 क्यूसेक नोएडा
- 15 क्यूसेक इंदिरापुरम
- 05 क्यूसेक सिद्धार्थ विहार
50 क्यूसेक प्लांट से
- 23 क्यूसेक वसुंधरा जोन
- 20 क्यूसेक नोएडा
-07 क्यूसेक इंदिरापुरम
-