गाजियाबाद। शनिवार को विजिलेंस और ऊर्जा निगम की टीम लोनी के टीला शहबाजपुर में चेकिंग अभियान चलाया। यहां पर एक चिकित्सक को बगैर कनेक्शन लिए सीधे एलटी पोल पर कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। चिकित्सक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके अलावा छह अन्य लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया है।
बिजली मित्र एप पर की गई शिकायत के आधार पर बिजली विभाग की टीम लोनी के टीला शहबाजपुर गांव पहुंची। वहां पर एक चिकित्सक के क्लीनिक पर बिजली प्रयोग होते हुए पाई गई। पूछताछ करने पर पता चला कि चिकित्सक बगैर कनेक्शन लिए सीधे एलटी लाइन पर केबल डालकर कूलर, पंखा, बल्ब समेत अन्य उपकरण चला रहा था, लोड का आंकलन करने पर पांच किलोवाट तक की बिजली चोरी मिली। परिसर की चेकिंग के दौरान पाया गया कि चिकित्सक ने जिस मकान में किराये की दुकान ले रखी है, उसका मालिक भी मीटर से पहले कट लगाकर बिजली चोरी कर रहा है। टीम ने चिकित्सक वसीम और मकान मालिक सत्तार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बागू कॉलोनी में तसलीम को एलटी लाइन पर केबल डालकर, तसलीम निवासी राजीव गार्डन, युसूफ निवासी टीला शहबाजपुर, रामदत्त निवासी लक्ष्मी गार्डन को मीटर से पहले कट लगाकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा है।