साहिबाबाद। टाटा स्टील की प्रवेश कंपनी में नेशनल बिजनेस हेड विनय त्यागी की हत्या में वांछित 50 हजार के इनामी आमिर से शुक्रवार रात कौशांबी पुलिस की वैशाली में मुठभेड़ हो गई। टीम ने फायरिंग के जवाब में गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने उससे चोरी की बाइक और तमंचा बरामद किया है।
डीसीपी निमिष पाटील ने बताया कि वैशाली सेक्टर 2-5 की पुलिया पर बाइक सवार आमिर को रुकने का इशारा गया। बिना नंबर की बाइक से देखकर टीम ने पीछा किया तो उसने अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी, पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई जो उसके दाहिने पैर में लगी। पुलिस ने घायल आमिर पुत्र कमरुद्दीन निवासी ब्रह्मपुरी की पुलिया थाना सीलमपुर दिल्ली को हिरासत में ले लिया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। अस्पताल से उपचार करने के बाद टीम ने उससे पूछताछ की जिसमें आरोपी आमिर में टाटा स्टील की प्रवेश कंपनी के बिजनेस हेड विनय त्यागी की लूट के दौरान चाकू से गोदकर हत्या करने की घटना कबूल की। उसका कहना था कि वह अक्की उर्फ दक्ष, युग और लवकुश के साथ नशा करने आया था। राजेंद्र नगर में विनय के पास बैग देखकर चारों ने लूटने की साजिश रची और घटना का अंजाम दिया।
डीसीपी के मुताबिक, लूट के दौरान हत्या के मामले में आमिर पर 50,000 का इनाम घोषित किया गया था। क्राइम ब्रांच टीम और शालीमार गार्डन पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। फिलहाल पुलिस उससे कई और बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है।