गाजियाबाद। लोकसभा निर्वाचन के लिए वोटर दी गाजियाबादी और वोटर ब्रो गाजियाबादी नाम के दो शुभंकर बनाए गए हैं। मतदाता जागरूकता के लिए इन शुभंकर का इस्तेमाल किया जाएगा। मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने उद्यमियों और औद्योगिक संगठन के पदाधिकारियों, व्यापारी संगठन और सामाजिक संगठन के सदस्यों के साथ मतदाता जागरूकता की विशेष बैठक की और इसी बैठक में जिलाधिकारी और स्वीप के नोडल अधिकारी सीडीओ अभिनव गोपाल ने संयुक्त रूप से शुभंकर को लांन्च किया।
सीडीओ की अध्यक्षता में शुभंकर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसकी अंतिम तिथि सात मार्च थी। 75 प्रविष्टियों में से वोटर ब्रो गाजियाबादी और वोटर दी गाजियाबादी का चयन किया गया है। इसके विजेता गांधी स्मारक इंटर कॉलेज मंडोला के गिरीश चंद्र, प्राथमिक विद्यालय भिक्कनपुर की अंशु सिंह और कंपोजिट विद्यालय मोरटी की नीतू सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वीप बैच स्वीप लोगो की टी-शर्ट लांन्च की गई। स्वीप बैच लगे टीशर्ट जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और एडीएम सिटी ने पहन रखी थी। इस दौरान दोनों शुभंकर के कटआउट भी सभागार में लगाए गए थे।
उन्होंने सभी लोगों से मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों आवासीय सोसाइटी आदि में रहने वाले और काम करने वाले मजदूरों उनके संबंधियों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने को कहा। सभी औद्योगिक इकाइयों के परिसर के बाहर बैनर पोस्टर अथवा पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगा कर प्रचार-प्रसार करने की अपील की।
इस दौरान सभी अधिकारी, स्वीप आईकॉन डॉ. सत्येंद्र, डिजाइनर धर्मेश, साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया संगठन, बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया संगठन, स्वदेशी पॉलिटिक्स इंडस्ट्रियल एरिया संगठन, लोहा विक्रेता व्यापार मंडल सहित सभी उद्यमी मौजूद रहे।