गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शनिवार को रोड शो में नजर आए सांसद जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह रविवार को गाजियाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रचार अभियान में नजर नहीं आए। इस लोकसभा चुनाव में वह सिर्फ रोड शो में ही दिखे हैं। वह दूसरे जिलों में तो प्रचार कर रहे हैं लेकिन जिस सीट से दो बार सांसद रहे, वहां नहीं आ रहे। इस बार उनकी जगह भाजपा ने विधायक अतुल गर्ग को टिकट दिया है।
हालांकि, वीके सिंह ने टिकट न मिलने पर कोई नाराजगी जाहिर नहीं की। उन्होंने उम्मीदवार का नाम घोषित होने से पहले ही कह दिया था कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन इससे पहले उनकी ओर से तैयारी में कोई कमी नहीं थी। वह शहर के सभी कार्यक्रम में नजर आ रहे थे। माना यही जा रही है कि टिकट न मिलने की नाराजगी के कारण ही वह गाजियाबाद से दूरी बनाए हुए हैं। अतुल गर्ग के नामांकन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तक आए लेकिन वीके सिंह नहीं आए।
इतना ही नहीं गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में भी उनकी मौजूदगी नहीं रही, जबकि इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ। जब भी मुख्यमंत्री आए, वीके सिंह उनके साथ मंच पर रहे। रविवार को गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के कार्यक्रम थे लेकिन इस दौरान वीके सिंह प्रचार करने गाजियाबाद नहीं आए। भाजपा ने उन्हें उत्तराखंड के स्टार प्रचारकों में शामिल किया है। हालांकि, वह उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी प्रचार के लिए जा चुके हैं।