ग्रामीणों द्वारा बचाया गया हिरन । संवाद
मोदीनगर। निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव अमीरपुर गढ़ी स्थित तालाब में शनिवार सुबह एक हिरन फंस गया। ग्रामीणों ने अभियान चलाकर घंटों की मशक्कत के बाद हिरन को तालाब से सुरक्षित निकाल लिया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम हिरन को अपने साथ ले गई। गांव अमीरपुर गढ़ी कुम्हैड़ा के प्रधान बिजेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह गांव के तालाब में एक हिरन फंसा दिखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह भटकते हुए गांव की तरफ पहुंच गया, जहां कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला बोल दिया। कुत्तों के हमले से बचने के चक्कर में हिरन तालाब में घुस गया और दलदल में फंसने लगा। ग्रामीणों ने हिरन डूबते देखा तो उसे बचाने के लिए अभियान चलाया। ग्रामीण रवी तंवर, बंटी यादव, जयप्रकाश यादव, सोनू यादव, बाबूराम चौकीदार और बाबू ठेकेदार आदि कई लोग रस्सी, ट्यूब व सीढ़ी के सहारे तालाब में घुस गए और मशक्कत के बाद उसे तालाब से बाहर निकाल लिया। कुत्तों के हमले से हिरन जख्मी हो गया। ग्राम प्रधान ने मामले की जानकारी वन विभाग को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम घायल हिरन को अपने साथ ले गई। वन दरोगा मुकेश कुमार ने बताया कि घायल हिरन का उपचार किया जा रहा है। ठीक होने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।