गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरफ से सोमवार को कराई गई सम्मिलित ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और समाज कल्याण पर्यवेक्षक परीक्षा में 12 मुन्ना भाई पकड़े गए। अंगूठे के निशान का मिलान न होने से सभी बायो मेट्रिक हाजिरी के दौरान पकड़ में आए। कई के फोटो का भी मिलान नहीं हो पाया। इनके अलावा दो एेसे रहे जो परीक्षा देकर चले गए। इसकी जानकारी मिलने पर उनकी तलाश की जा रही है ।
श्री गुरु नानक इंटर कालेज में अभ्यर्थी रिंकू की जगह बिजनौर निवासी अमित परीक्षा दे रहा था। अमित बीए पास है। अाध्यात्मिकनगर इंटर कालेज में राहुल की जगह फिरोजाबाद के मथनपुर का योगेंद्र परीक्षा दे रहा था। योगेंद्र 12 वीं पास है। श्री सनातन धर्म इंटर कालेज में अंकुश की जगह बिजनौर के शिवाला कलां निवासी रोहित परीक्षा दे रहा था।
नगर पालिका इंटर कालेज में साहिल की जगह मथुरा का रवि, विजयनगर के कन्या इंटर कालेज में राजकुमार की जगह बिहार के नालंदा का निवासी अशोक परीक्षा दे रहा था। मोदीनगर में डा. केएन मोदी साइंस एंड कामर्स कालेज में दो मुन्नाभाई पकड़े गए। तुलसीराम माहेश्वरी पीबीएएस इंटर कालेज में बिकुल और निकिता इंटर कालेज में रवि के स्थान पर मुन्नाभाई परीक्षा देकर चले गए। उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पकड़े गए मुन्ना भाइयों ने पूछताछ की गई। किसी ने बताया कि उसे परीक्षा देने के बदले 20 हजार मिले थे तो किसी ने 50 हजार लेने की बात कही। पुलिस मालूम कर रही है कि इसके पीछे को संगठित गिरोह तो नहीं है।एडीएम प्रशासन बिपिन कुमार ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों की उपस्थिति बायोमिट्रिक के जरिए हुई थी और उनकी फोटो भी खींची गई थी। अंत में जब उनके फार्म से मिलान किया गया। कुल 12 फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए।