साहिबाबाद। सिलेंडर से घटतौली करते वेंडर का रविवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। वेंडर को चुपचाप चोरी करते हुए देख लोगों ने वीडियो बना लिया। फिर चोर मचाए शोर फिल्म का गाना बैक ग्राउंड में एडिट कर चुटकी ली और एक्स एकाउंट पर पुलिस, डीएम, एसडीएम व एचपीसीएल अधिकारियों से शिकायत की। वीडियो वायरल होने के कुछ देर बाद अंकित तिवारी नाम के व्यक्ति ने एक्स अकाउंट से ट्वीट किया। वीडियो वैशाली सेक्टर 3 अंसल प्लाजा रोड, एक बिल्डिंग मैटेरियल के गोदाम का होना बताया। वीडियो में सिलेंडर वाली गाड़ी के पास वेंडर खड़ा है। वेंडर भरा सिलेंडर उठाता है और खाली सिलेंडर के ऊपर रखकर गैस चोरी करता दिखाई दे रहा है। वहीं, लोगों ने गैस सिलेंडर से इस तरह के काम करने के दौरान हादसा होने की भी संभावना जताई। विभागीय अधिकारियोें पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। सदर एसडीएम विनय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है। डीएसओ से जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी।