गाजियाबाद। शनिवार रात को घूकना क्षेत्र में एक मकान की छत पर तेंदुआ देखे जाने की वीडियो वायरल हुई तो क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी तो पता चला कि यह तेंदुआ नहीं जंगली बिल्ली है। शनिवार रात करीब दस बजे किसी व्यक्ति ने घूकना में एक मकान की छत पर बैठे जानवर की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया और पड़ोस के लोगों को इकट्ठा कर लिया। लोगों ने किसी प्रकार उसे भगाया और वन विभाग के अधिकारियों को वीडियो भेजी। जांच के बाद पाया गया कि यह जानवर तेंदुआ नहीं बल्कि जंगली बिल्ली या कोई और जानवर है। एहतियात के तौर पर वन विभाग की टीम ने रविवार को घूकना क्षेत्र के आस-पास से जुड़े इलाकों और वन्य क्षेत्र में कॉबिंग की लेकिन तेंदुआ होने के सुराग नहीं मिले। वन विभाग के रेंजर विकास सिंटोरिया ने बताया कि वीडियो में नजर आ रहा जानवर जंगली बिल्ली हैै फिर भी वन विभाग की टीम इस क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है।