कौशांबी। थाने से चंद कदम दूर एंजल मॉल में हुक्का बार चलने का वीडियो ट्विटर पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो लीकर हाउस बार का बताया जा रहा है। वीडियो में गाने पर मौज-मस्ती करते हुए युवक हुक्के से धुआं उड़ाते नजर आ रहे हैं। पुलिस का तर्क है कि संचालक ने बार चलाने का लाइसेंस लिया है। सवाल है कि बार में हुक्का पिलाने का लाइसेंस कहां से मिला है। ट्विटर पर शिकायतकर्ता ने 15 सेकेंड का वीडियो अपलोड किया है। इसमें बॉलीवुड गाना बज रहा है और युवक-युवतियां अलग-अलग जगह खड़े होकर मस्ती कर रहे हैं जबकि सोफे पर बैठे युवक हुक्के से धुआं उड़ा रहे हैं। पिछले दिनों एंजल मॉल के गेट पर किसी शरारती तत्व ने पत्थर मार दिया था। इसके इतर चर्चा थी कि बार में एंट्री नहीं देने से गुस्से में कुछ युवकों ने गोली चलाई थी। हालांकि पुलिस ने दावा किया कि देर रात में युवक पत्थर मार कर भाग गए। इस घटना में पुलिस के दावों पर कई सवाल खड़े हुए थे। इस मामले में डीसीपी शुभम पटेल का कहना है कि इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह को जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।
-