खोड़ा। पुलिस ने सोशल मीडिया पर हुक्का बार का 24 सेकंड का वीडियो वायरल होने के बाद संचालक विशाल को गिरफ्तार कर लिया। वह अवैध हुक्का बार बंद करके भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसके पास से हुक्का पीने का सामान भी बरामद किया है। पंडित शिवांश शुक्ल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर हुक्का बार का वीडियो ट्वीट कर पुलिस की साठगांठ होने का आरोप लगाया था। 24 सेकंड के वीडियो में एक युवक हुक्का पीकर उसके धुएं से छल्ले बनाता हुआ नजर आ रहा था। वीडियो में तीन-चार और युवक शामिल थे। शिकायतकर्ता ने वीडियो को आजाद विहार खोड़ा का बताया है। थाना प्रभारी ने वीडियो से आरोपी संचालक की पहचान की। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार का संचालक विशाल कुमार निवासी कासगंज हाल पता गंगा विहार खोड़ा गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास फैंसी हुक्का और दो पैकेट तंबाकू और दो पैकेट कच्चा कोयला बरामद किया है।