मसूरी। क्षेत्र के गांव निडौरी स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में स्कूल की प्रधानाचार्य पूनम कुशवाहा और कंप्यूटर ऑपरेटर अंशिका का मारपीट का मामला सामने आया है। वीडियो में दोनों एक दूसरे के बाल खींचते हुए मारपीट करती नजर आ रही हैं। मामले में अंशिका ने पूनम कुशवाहा पर मारपीट और एसएसी एसटी एक्ट की धारा में मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।अंशिका का कहना है कि वह स्कूल में कंप्यूटर ऑपरेटर हैं। आरोप है कि प्रधानाचार्य उनके साथ आए दिन अभद्र व्यवहार करती हैं। आरोप है कि उनका काम कंप्यूटर ऑपरेटर का है लेकिन वह उनपर बच्चों की क्लास लेने का भी दबाव बनाती हैं। इस संबंध में उन्होंने उच्चाधिकारी से बात की। इसके बाद पूनम कुशवाहा ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट में उनके हाथ व पैर पर चोट आई हैं। एसीपी मसूरी नरेश कुमार का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
कंप्यूटर ऑपरेटर को हटाया, जांच के लिए लिखा पत्र
समाज कल्याण अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रकरण को देखते हुए कंप्यूटर ऑपरेटर को हटा दिया गया है। साथ ही प्रधानाचार्य पर कार्रवाई के संबंध में समाज कल्याण विभाग मेरठ मंडल के संयुक्त निदेशक को जांच कराने के लिए कहा गया है।