खोड़ा। पुलिस ने चोरी की बाइक से एटीएम में लोगों के डेबिट कार्ड का पिन देखकर ठगी करने वाले गिरोह के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 12 डेबिट कार्ड और चोरी की बाइक बरामद की है। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मुन्ना देशवाल निवासी डाबर तालाब संगम विहार लोनी को गिरफ्तार किया है। उसने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथी मोनू उर्फ आसिफ अंसारी के साथ चोरी की बाइक की नंबर प्लेट बदलकर एटीएम के आसपास खड़े हो जाते थे। जैसे ही एटीएम में डेबिट कार्ड फंसने पर अनजान लोग मदद मांगते थे। दोनों मदद के बहाने डेबिट कार्ड बदलकर या फिर उसका पिन देखकर पैसे निकाल लेते थे। उसने घटना कबूल की कि जुलाई 2023 में वसुंधरा सेक्टर-9 में निजी बैंक के एटीएम से डेबिट कार्ड बदलकर 50 हजार रुपये निकाले थे। उससे पहले 2020 में विजयनगर में डेबिट कार्ड बदलकर पैसे निकालकर धोखाधड़ी व एडीपीएस एक्ट के मामले में जेल गया था। पुलिस उससे बरामद 12 डेबिट कार्ड के मालिकों का पता कर रही है।