गाजियाबाद। सोमवार दोपहर को दिल्ली की ओर से जा रहा मांस से भरा वाहन पलट गया। इसकी जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगाें ने पहुंचकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि वाहन में गोमांस है। चिकित्सकों ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि वाहन में किसी भी प्रतिबंधित पशु का मांस नहीं था और लाइसेंसधारक की फैक्टरी से मांस दिल्ली जा रहा था। वहीं, इससे पहले पुलिस ने वाहन के चालक असरफ व आमिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी।
सोमवार को डासना की फैक्टरी से मांस लेकर वाहन दिल्ली जा रहा था। एबीईएस कट के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और मांस दूर तक सड़क पर फैल गया। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी तादाद में लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने वाहन के चालक परिचालक से हाथापाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पता चला कि मांस किसी भी प्रतिबंधित पशु का नहीं था। एसीपी पूनम मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने पर दो लोगोें पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।