मोदीनगर। देहरादून से आनंद विहार दिल्ली के लिए शुरू की गई वंदे भारत ट्रेन बृहस्पतिवार शाम मोदीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां भाजपा नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से पुष्प वर्षा कर ट्रेन का स्वागत किया गया। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कोच से बाहर आकर लोगों का अभिवादन किया। उनके ट्रेन से नीचे नहीं उतरने पर लोगों को मायूसी हाथ लगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देहरादून स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर देहरादून से रवाना किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भाजपा नेता और कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन पहुंच गए। ट्रेन निर्धारित समय से एक घंटे की देर से पहुंची। ट्रेन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव भी सवार थे। लोगों को उम्मीद थी की रेल मंत्री लोगों के बीच आएंगे लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। इस दौरान सामाजिक संगठनों की ओर से रेल मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें कई ट्रेनों का स्टॉपेज मोदीनगर में करने की मांग की गई। इस मौके पर विधायक डॉ. मंजू सिवाच, उपजिलाधिकारी संतोष राय, सामाजिक संगठन से जुड़े रकम सिंह और रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।